चूरू। जिले के भालेरी थाना क्षेत्र में भालेरी-गलगटी रोड पर बुधवार को सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार एक युवती सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार बाइक सड़क पर आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
भालेरी पुलिस के अनुसार, भालेरी-गलगटी रोड पर बाइक दुर्घटना की टेलीफोन के जरिए सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही ड्यूटी ऑफिसर और थानाधिकारी अजय कुमार जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को तत्काल सीएचसी भालेरी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
बाइक सवार तीनों की मौत
पुलिस के अनुसार बाइक पर लालचंद पुत्र उदाराम नाथ (40), निवासी मेहरावणसर, सुरेंद्र पुत्र हीरालाल ब्राह्मण (20), निवासी कोहिना और माला पुत्री हीरालाल ब्राह्मण (22), निवासी कोहिना सवार थे।
पुलिस के मुताबिक बाइक के आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर होने के कारण यह हादसा हुआ।
ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक जब्त
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक को जब्त कर लिया है। दोनों वाहनों को भालेरी थाने में खड़ा करवाया गया है।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजकीय अस्पताल तारानगर भेजा गया है। शव तारानगर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं और पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है।
परिजनों की रिपोर्ट पर दर्ज होगा मामला
भालेरी पुलिस के अनुसार परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।






