चूरू जिले के बीदासर कस्बे में ऋण की किस्त वसूलने गए मुथूट फाइनेंस कंपनी के एक कर्मचारी के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सुजानगढ़ रेफर किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी सहित 6-7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किस्त को लेकर हुआ विवाद
बीदासर थाना पुलिस के अनुसार, लिखमीसर निवासी जितेंद्र सिंह, जो मुथूट फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं, वार्ड नंबर 9 निवासी नानूराम बाजीगर की पत्नी के नाम पर लिए गए ऋण की किस्त लेने उनके घर गए थे। घर पर कोई नहीं मिलने के बाद वह वापस लौट रहे थे।
इसी दौरान बीदासर बस स्टैंड के पास उनकी मुलाकात नानूराम बाजीगर से हुई। शिकायत के अनुसार, किस्त के भुगतान को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
लाठी-डंडों से मारपीट का आरोप
पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार, विवाद बढ़ने पर नानूराम बाजीगर और उसके साथ मौजूद 6-7 अन्य लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया। मारपीट में जितेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर बेहोश हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल बीदासर के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सुजानगढ़ रेफर कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
बीदासर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर मुख्य आरोपी नानूराम बाजीगर तथा 6-7 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।






