चूरू। बीदासर कस्बे के पास श्रीडूंगरगढ़ सड़क पर सीमेंट फैक्ट्री के निकट गुरुवार अलसुबह पिकअप और डंपर की भिड़ंत हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर मौजूद निराश्रित पशु को बचाने के प्रयास के दौरान यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप चालक वाहन में फंस गया, जिसे जेसीबी की मदद से काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र की इस सड़क पर लंबे समय से निराश्रित पशुओं का जमावड़ा बना रहता है। सड़क पर पशुओं के विचरण के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है और हादसों की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी निराश्रित पशुओं के कारण सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान जाने और घायल होने की घटनाएं सामने आई हैं।
आदेश के बावजूद सड़क पर घूम रहे पशु
स्थानीय लोगों का कहना है कि निराश्रित पशुओं को नंदीशाला भेजने के लिए उपखंड अधिकारी, बीदासर की ओर से निर्देश दिए जाने के बावजूद पशु अब भी सड़कों पर विचरण करते दिखाई दे रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से निराश्रित पशुओं को जल्द नंदीशाला भेजने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि सड़क पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को हटाकर सुरक्षित स्थान पर नहीं भेजा गया तो भविष्य में भी सड़क हादसों का खतरा बना रहेगा। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र कार्रवाई कर सड़क पर पशुओं के जमावड़े की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।






