बीदासर (चूरू)। बीकानेर रेंज आईजी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत बीदासर पुलिस ने डूंगरगढ़-बीदासर मार्ग पर ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। वाहन में मौजूद व्यक्ति जेवरात से संबंधित कोई वैध बिल या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई की।

50 से अधिक वाहनों की हुई जांच

बीदासर थाना के एसआई हेतराम के नेतृत्व में थाना परिसर के सामने विशेष नाकाबंदी की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने 50 से अधिक वाहनों की गहन जांच की।

इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले आधा दर्जन से अधिक वाहनों के चालान भी किए गए।

कार से मिले लाखों के आभूषण

नाकाबंदी के दौरान बीदासर से डूंगरगढ़ की ओर जा रही एक कार की तलाशी में करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण मिले।

पुलिस के अनुसार, कार में सवार व्यक्ति जेवरात के स्वामित्व या खरीद से संबंधित कोई वैध बिल अथवा दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के प्रावधानों के तहत जेवरात को जब्त कर लिया गया।

जांच के बाद होगा खुलासा

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जब्त किए गए आभूषण असली हैं या नकली तथा उनका वास्तविक स्वामित्व और स्रोत क्या है।

पुलिस ने बताया कि ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। इसके तहत संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन जांच, दस्तावेजों का सत्यापन, चोरी के वाहन, वांछित अपराधी, अवैध हथियार और मादक पदार्थों की तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जाती है।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...