सादुलपुर। चैनपुरा छोटा में नवनिर्मित 220 केवी विद्युत फीडर रविवार रात सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया। फीडर के शुरू होने के बाद सादुलपुर के 132 केवी पावर हाउस को नई लाइन से विद्युत आपूर्ति मिलने लगी है। इससे क्षेत्र में लंबे समय से बनी वोल्टेज संबंधी समस्या में सुधार की उम्मीद है।
जोधपुर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों से फीडर को चार्ज किया गया और इस दौरान किसी तरह की बाधा सामने नहीं आई।
नई लाइन से सादुलपुर को मिलेगी बिजली
सहायक अभियंता एवं प्रभारी अमित फगेड़िया के अनुसार अब तक सादुलपुर को भादरा स्थित 220 केवी पावर स्टेशन से बिजली आपूर्ति मिल रही थी।
चैनपुरा छोटा का नया 220 केवी फीडर चालू होने के बाद यहां से सादुलपुर और तारानगर के 132 केवी पावर हाउस को विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। फिलहाल सादुलपुर के 132 केवी फीडर को विधिवत रूप से सप्लाई शुरू कर दी गई है।
तारानगर के 132 केवी पावर हाउस का कार्य अभी निर्माणाधीन है।
सिद्धमुख और चैनपुरा के 33 केवी फीडर भी चालू
चैनपुरा छोटा के 220 केवी फीडर के साथ सिद्धमुख और चैनपुरा के नए 33 केवी फीडर भी चार्ज कर चालू कर दिए गए हैं।
इन फीडरों के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों के विद्युत उपभोक्ताओं को अधिक स्थिर और बेहतर बिजली आपूर्ति मिलने की उम्मीद है।
बढ़ती बिजली मांग के बीच महत्वपूर्ण उपलब्धि
गर्मी के मौसम में बिजली की मांग बढ़ने के बीच नए फीडर को सफलतापूर्वक चालू किया जाना विद्युत निगम के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने फीडर को समय पर चालू करवाने के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नई विद्युत आपूर्ति व्यवस्था से सादुलपुर क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या में राहत मिलेगी।






