छापर। मेघा हाईवे पर मंगलवार अलसुबह एक ट्रेलर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पा लिया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
मकराना से लुधियाना जा रहा था ट्रेलर
पालिका फायर ब्रिगेड के मुकेश सूंडा ने बताया कि ट्रेलर RJ 31 GB 9822 मकराना से सीमेंट पाउडर भरकर लुधियाना जा रहा था।
ट्रेलर मेघा हाईवे पर काला भैरूंजी औरण के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक उसके दो टायर फट गए।
टायरों की गर्मी से लगी आग
टायर फटने के बाद उनकी गर्मी के कारण टायरों में आग लग गई। देखते ही देखते आग फैलने लगी।
ट्रेलर चालक दीपक नायक ने खुद भी आग बुझाने का प्रयास किया और घटना की सूचना दी गई।
दमकल ने समय रहते पाया आग पर काबू
सूचना मिलने के बाद पालिका फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।
फायरमैन महीपाल सिंह ने बताया कि टायर फटने के कारण आग लगी थी। दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
पुलिस और परिवहन विभाग की टीम भी पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के रमेश कुमार और परिवहन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
समय पर कार्रवाई होने से आग को ट्रेलर के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।






