छापर के वार्ड नंबर 1 स्थित मतदान केंद्र पर मतदान को लेकर सोशल मीडिया पर एक आरोप-प्रत्यारोप का वीडियो वायरल होने के बाद माहौल गरमा गया।
वीडियो वायरल होने के बाद मतदान केंद्र के बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ बढ़ने से कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
रिटर्निंग अधिकारी और डीवाईएसपी पहुंचे मौके पर
स्थिति की जानकारी मिलने पर रिटर्निंग अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा और डीवाईएसपी सुखदेव सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मौके की स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने स्थिति को देखते हुए मतदान केंद्र के बाहर जमा भीड़ को हल्का बल प्रयोग कर तितर-बितर किया। इस दौरान एक युवक को राउंडअप भी किया गया।
मतदान प्रक्रिया में कोई व्यवधान नहीं
रिटर्निंग अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा ने बताया कि मतदान में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है। मतदान केंद्र पर प्रक्रिया निर्बाध, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से जारी है।
वहीं, स्थिति पर नजर रखने के लिए रिटर्निंग अधिकारी और डीवाईएसपी पुलिस जाब्ते के साथ बूथ के बाहर मौजूद रहे।
वार्ड नंबर 1 में तीन प्रत्याशी मैदान में
छापर के वार्ड नंबर 1 को अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित किया गया है। यहां तीन प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
- जसोदा माली — राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी
- सरला देवी — भारतीय जनता पार्टी
- सीमा कीलका — इंडियन नेशनल कांग्रेस
प्रशासन और पुलिस की टीम मतदान केंद्र के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी कर रही है।






