छापर। ग्राम खालियां में कुंड में गिरकर पानी में डूबने से हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को कई घंटे बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।

पीहर पक्ष की ओर से रखी गई मांगों पर सहमति बनने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करवाई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव ससुराल पक्ष को सौंप दिया।

पीहर पक्ष ने लगाए प्रताड़ना और हत्या के आरोप

मृतका के परिजनों का आरोप है कि वह शादी के बाद से परेशान थी और ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते थे।

मृतका के भाई गोविंद दास पुत्र अमरदास की रिपोर्ट पर पुलिस ने पति रमेश दास पुत्र हरीदास, ससुर हरीदास, सास छगनी देवी पत्नी हरीदास, ननद सरिता पुत्री हरीदास, ननदोई हुकमदास तथा सुरेश और सुमन के खिलाफ मृतका को परेशान करने और हत्या करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए चूरू से एफएसएल टीम खालियां गांव पहुंची। टीम ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर वहां से साक्ष्य जुटाए।

पीहर पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया था कि कुंड के बाहर खून के निशान और शराब के खाली पव्वे पड़े थे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

डीएसपी ने किया मौका मुआयना

घटना के बाद गुरुवार को मृतका के पीहर पक्ष के लोग अपनी मांगों को लेकर मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए थे।

परिजनों ने धारा 302 में मामला दर्ज करने, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और पोस्टमार्टम की पूरी वीडियोग्राफी कराने की मांग रखी थी।

सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक बीदासर सुखदेव सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों से समझाइश की। उन्होंने परिजनों को आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

डीएसपी सुखदेव सिंह ने घटनास्थल का भी मौका मुआयना किया। इसके अलावा उन्होंने ससुराल पक्ष के लोगों और मृतका के बच्चों से घटना के संबंध में पूछताछ की।

पुलिस जांच में सामने आएंगे मौत के कारण

मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतका की मौत दुर्घटनावश पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

पुलिस मामले में दर्ज आरोपों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...