चूरू। शहर के सदर थाना क्षेत्र में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली 8 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने बच्ची को 500 रुपए देने का लालच देकर अपने पास बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के नाना की रिपोर्ट पर महिला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल मुआयना करवाया है और नामजद आरोपी की तलाश में जुटी है।
निर्माणाधीन मकान के पास हुई वारदात
महिला थाना पुलिस के अनुसार, शनिवार को पीड़िता के नाना ने थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी 8 वर्षीय दोहिती दूसरी कक्षा में पढ़ती है।
बच्ची घर के पास स्थित एक निर्माणाधीन मकान की ओर जा रही थी। इसी दौरान गली में मोटरसाइकिल लेकर खड़े एक व्यक्ति ने उसे 500 रुपए का लालच देकर अपने पास बुलाया।
आरोप है कि व्यक्ति ने खुद को बच्ची के मामा का परिचित बताया और उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई आपबीती
वारदात के बाद बच्ची वहां से निकलकर किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
परिजनों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कार मैकेनिक का काम करता है।
बीएनएस और पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज
पीड़िता के परिजनों की रिपोर्ट पर महिला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(2), पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) और एससी/एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
मामले की अग्रिम जांच डीएसपी एससी/एसटी सेल को सौंपी गई है।
आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
पुलिस ने बच्ची का मेडिकल मुआयना करवाने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी






