चूरू। शहर के अग्रसेन नगर में एक मकान का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहे युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की।
स्थानीय लोगों की सतर्कता के चलते कथित वारदात को समय रहते रोक लिया गया।
संदिग्ध गतिविधि देख लोगों को हुआ शक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मकान के बाहर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। कुछ देर बाद उसने कथित रूप से मकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया, जिसे आसपास के लोगों ने देख लिया।
लोगों ने तुरंत युवक को पकड़ लिया। उसके पास से ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी मिलने की बात सामने आई है। पुलिस के पहुंचने तक स्थानीय लोगों ने उसे अपने कब्जे में रखा।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान पूर्णमल राव (20 वर्ष) निवासी गनाइड़ा, जिला अजमेर के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार युवक के आचरण को देखते हुए शांति भंग होने तथा संज्ञेय अपराध किए जाने की आशंका के आधार पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया गया।
एसडीएम कोर्ट में किया पेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार एसडीएम कोर्ट में पेश किया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






