चूरू। शहर के अग्रसेन नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से चिंतित स्थानीय लोगों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। अग्रसेन नगर समग्र विकास समिति के प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी के मामलों का शीघ्र खुलासा करने की मांग की।
समिति का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों के कारण कॉलोनी के लोगों में असुरक्षा का माहौल बन गया है।
15 दिनों में चार चोरी की घटनाओं का दावा
समिति के अध्यक्ष वैद्य बनवारीलाल शर्मा के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग 15 दिनों में कॉलोनी में चार बड़ी चोरी की घटनाएं हुई हैं।
ज्ञापन के अनुसार, किशनसिंह मीणा, कमल शर्मा, श्यामसुन्दर सिडोलिया और नानूराम गोस्वामी के घरों में चोरी की वारदात हुई। समिति का कहना है कि सभी मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी या चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हो सकी है।
संदिग्ध को पकड़ने के बाद भी जानकारी नहीं मिलने का आरोप
समिति ने एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया, जिसमें स्थानीय लोगों ने कथित रूप से चोरी का प्रयास कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले किया था।
समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उस मामले में पूछताछ या जांच की प्रगति के संबंध में पुलिस की ओर से कोई जानकारी साझा नहीं की गई।
नियमित गश्त और त्वरित कार्रवाई की मांग
समिति के सदस्य मदनलाल राजपुरोहित ने पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया कि अग्रसेन नगर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और दर्ज मामलों का जल्द खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान समिति के डॉ. भारतेन्दू अग्रवाल, कमल कुमार शर्मा, ओमसिंह तंवर, रामनिवास सोनी, कर्णपाल सिंह, गजानन्द खेड़ीवाल, सीताराम खरोड़, राजेन्द्र सिंह, ओमप्रकाश इंदोरिया, जिले सिंह राव और एडवोकेट संदीप शर्मा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।






