चूरू। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से गुरुवार को मनोरंजन क्लब में शटल स्टार्ट बैडमिंटन अकादमी एवं जिला बैडमिंटन संघ के संयुक्त तत्वावधान में बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुस्ताक खान ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. शमशाद अली ने खिलाड़ियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और जुनून के साथ प्रयास करने का आह्वान किया। वहीं डॉ. एफ.एच. गोरी ने खिलाड़ियों को लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि ठाकुरमल शर्मा, गोविंद स्वामी, किशोर राजपाल, चूरू फुटबॉल क्लब अध्यक्ष शकील दुर्रानी, डॉ. मंसूर अली और आकाश जांगिड़ सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
शुरुआती मुकाबलों में दिखा शानदार खेल
टूर्नामेंट का आयोजन एवं संचालन सौरभ स्वामी ने किया। प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने मौजूद दर्शकों और खेलप्रेमियों को रोमांचित किया।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना और युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना है। आगामी मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह बना हुआ है।
कार्यक्रम में जयप्रकाश बागोरिया, राजीव चचरिया, मोहित, सुनील, राजकुमार, इदरीस छींपा, तनुश, जयेश, सचिन, मानव, देवराज और फरमान खान सहित अन्य गणमान्य लोग एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।






