चूरू। 5 डे बैंकिंग और पारदर्शी परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) नीति सहित विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को देशव्यापी आह्वान पर बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रहे। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर हुई राष्ट्रव्यापी हड़ताल में बैंकिंग क्षेत्र की सात प्रमुख यूनियनों से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
हड़ताल के चलते चूरू में बैंक शाखाओं में दिनभर कामकाज प्रभावित रहा। शाखा स्तर पर होने वाली कई सेवाएं बंद रहीं।
चेक क्लीयरेंस से लोन प्रोसेसिंग तक सेवाएं प्रभावित
हड़ताल के कारण चेक क्लीयरेंस, पासबुक प्रिंटिंग, ड्राफ्ट जारी करने, लोन प्रोसेसिंग और नए खाते खोलने जैसी सेवाएं प्रभावित रहीं। वहीं बैंक शाखाओं के लेन-देन काउंटर भी बंद रहे।
इसके चलते शाखाओं में पहुंचे ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कर्मचारियों ने उठाई 5 डे बैंकिंग लागू करने की मांग
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस चूरू के संयोजक जयंत परिहार ने बताया कि बैंक कर्मचारी लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन कार्य दिवस लागू करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मांग पर सैद्धांतिक सहमति बनने के बावजूद अंतिम निर्णय अभी लंबित है।
परिहार ने कहा कि लगातार बढ़ते कार्यभार और लंबित मांगों के कारण कर्मचारियों में रोष है।
एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के रीजनल सेक्रेटरी सुनील बुरड़़क और अधिकारी संघ के क्षेत्रीय संयोजक राजेश धूत ने कहा कि बैंक कर्मचारियों पर लगातार काम का दबाव बढ़ रहा है।
उन्होंने कर्मचारियों का मानसिक तनाव कम करने और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए 5 डे बैंकिंग व्यवस्था तथा पारदर्शी PLI नीति लागू करने की मांग की।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहीं जारी
बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद ग्राहकों के लिए कई डिजिटल बैंकिंग सेवाएं जारी रहीं। एटीएम, UPI, नेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग के जरिए लेन-देन किया जा सकता था।
बैंक यूनियनों ने आमजन से अपील की कि हड़ताल के दौरान असुविधा से बचने के लिए जहां संभव हो, शाखाओं में जाने के बजाय डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करें।






