चूरू जिले के बीदासर-सांडवा क्षेत्र में खेत की डिग्गी में गिरने से 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा सोनियासर की रोही स्थित एक खेत में सोमवार शाम करीब 8 बजे हुआ।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही ग्रामीण सांडवा अस्पताल पहुंचने लगे।
डिग्गी पर पानी भरते समय फिसला पैर
जानकारी के अनुसार रामकरण पुत्र डूंगरराम जाट, निवासी बेरासर, सोनियासर की रोही में स्थित एक खेत पर मजदूरी का काम करता था।
सोमवार शाम करीब 8 बजे वह खेत में बनी डिग्गी पर लगे बूस्टर में पानी भर रहा था।
इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह डिग्गी में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सांडवा अस्पताल में रखा शव
हादसे की सूचना मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बाद में मृतक के शव को रात में सांडवा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों की अस्पताल में भीड़ जमा हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
मंगलवार सुबह एएसआई सुमेर सिंह सांडवा अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया।
इसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मृतक के ताऊ के बेटे हजारीराम जाट की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।






