चूरू। शहर में बुधवार शाम एक युवक को बाइक से स्टंट करना भारी पड़ गया। चूरू-जयपुर रेलवे ओवरब्रिज पर बाइक से स्टंट कर रहे युवक की बाइक को यातायात पुलिस और कालिका टीम ने सीज कर दिया।
बताया गया कि स्टंट के दौरान युवक की हरकत से राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
सूचना मिलते ही कालिका टीम ने यातायात पुलिस को बताया
कालिका टीम प्रभारी कोशल्या भादू ने बताया कि बुधवार शाम टीम को सूचना मिली कि जयपुर रेलवे ओवरब्रिज पर एक युवक बाइक से खतरनाक तरीके से स्टंट कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए कालिका टीम ने तत्काल यातायात पुलिस को इसकी जानकारी दी और मौके पर कार्रवाई के लिए टीम पहुंची।
पुलिस के पहुंचने से पहले बाइक छोड़कर भागा
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि युवक की स्टंटबाजी के कारण अग्रसेन नगर रेलवे फाटक को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही बाइक सवार युवक अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर सूचना मिलने के बाद आरपीएफ इंचार्ज नंदकिशोर भी पहुंचे। रेलवे पुलिस ने रेलवे अधिनियम के तहत युवक को थाने बुलाकर पाबंद किया है।
मोटर व्हीकल एक्ट के तहत बाइक सीज
यातायात पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई बाइक को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर लिया। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब युवक के खिलाफ नियमानुसार आगे की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर स्टंट जैसी गतिविधियां न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे आम राहगीरों और वाहन चालकों की जान को भी खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस की ओर से कार्रवाई जारी रहेगी।






