चूरू। जिले के दूधवाखारा क्षेत्र के ब्रह्मनगर गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में चार वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। घर के बाहर खड़ी सिलेंडर डिलीवरी पिकअप का डाला अचानक उसके सिर पर गिर गया, जिससे उसके माथे पर गहरी चोट आई। डॉक्टरों को उपचार के दौरान करीब 14 टांके लगाने पड़े।
खेलते-खेलते हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मनगर निवासी सूर्यप्रकाश की चार वर्षीय बेटी भाविका घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान सिलेंडर की डिलीवरी के लिए एक पिकअप वाहन घर के सामने खड़ा था।
खेलते-खेलते मासूम पिकअप के पास पहुंच गई। इसी दौरान पिकअप का डाला उसके माथे पर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
पहले सीएचसी, फिर डीबी अस्पताल किया गया रेफर
हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्ची को दूधवाखारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट होने के कारण चिकित्सकों ने उसे चूरू के डीबी अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों ने लगाए 14 टांके
डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल उपचार शुरू किया। गहरी चोट के कारण बच्ची के माथे पर करीब 14 टांके लगाने पड़े।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार उपचार के बाद बच्ची की हालत में सुधार है और वह चिकित्सकीय निगरानी में है।





