चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने गुरुवार को सिद्धमुख क्षेत्र का दौरा कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), पुलिस थाना एवं गौशाला का निरीक्षण किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम, प्रशिक्षु आईपीएस अभिजीत पाटील सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा सेवाओं, कानून-व्यवस्था और गौशाला की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा
जिला कलक्टर ने श्रीमती दुर्गादेवी जगन्नाथ सरावगी राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर दवा वितरण, जांच सुविधाएं, वार्डों की स्थिति, साफ-सफाई, मरीजों एवं परिजनों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिले तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता और आवश्यक सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहें। चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष मीणा ने अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
पुलिस थाने में रिकॉर्ड और कानून-व्यवस्था की समीक्षा
जिला कलक्टर और एसपी ने सिद्धमुख पुलिस थाने का निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण, फरियादी कक्ष, मालखाना, स्टाफ रूम, कार्यालय, ऑनलाइन रोजनामचा एवं विलेज क्राइम नोटबुक (VCNB) का अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए तथा क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतत निगरानी रखी जाए।
एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बॉर्डर क्षेत्र, सराय, होटल और धर्मशालाओं की नियमित जांच करने, बीट व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा इंटेलिजेंस गतिविधियों को और प्रभावी करने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी इमरान खान ने पुलिस व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
गौशाला में गौवंश की देखभाल पर दिया जोर
निरीक्षण के अंतिम चरण में जिला कलक्टर और एसपी ने सिद्धमुख गौशाला पहुंचकर गौवंश के लिए उपलब्ध चारा, पानी, चिकित्सा सुविधाओं और आश्रय व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने गौशाला प्रबंधन को स्वच्छता बनाए रखने और गौवंश की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने गौवंश को गुड़ खिलाकर पशुधन संरक्षण का संदेश भी दिया।
गौशाला प्रबंधन की ओर से भारत झाझड़िया, रामकुमार सिहाग, पवन प्रजापत और राकेश इंदौरिया ने उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी।






