चूरू। शहर में सड़कों पर घूम रहे गोवंश के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार रात राजकीय शारदा स्कूल के पास गोवंश के हमले में बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान शेखावत कॉलोनी निवासी सलीम के रूप में हुई है। सलीम निजी एम्बुलेंस ऑपरेटर के तौर पर काम करता है।
हमले से बाइक सहित सड़क पर गिरा
जानकारी के अनुसार, सलीम शनिवार रात किसी काम से नई सड़क की ओर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान राजकीय शारदा स्कूल के पास अचानक एक सांड़ ने उसकी बाइक पर हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से सलीम बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल सलीम को तत्काल राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में पहुंचाया।
डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे आगे के उपचार के लिए जयपुर रेफर कर दिया।
आपातकालीन वार्ड में जमा हुई भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही घायल युवक के परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचने लगे। इसके चलते राजकीय भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शहर में गोवंश के कारण बढ़ रही परेशानी
चूरू शहर में सड़कों और प्रमुख मार्गों पर गोवंश के घूमने से वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। अचानक सड़क पर आने या हमला करने की घटनाओं से दोपहिया वाहन चालक विशेष रूप से जोखिम में रहते हैं।
इस घटना ने एक बार फिर शहर में आवारा गोवंश को लेकर प्रभावी व्यवस्था की जरूरत को सामने ला दिया है।






