चूरू। जिले की सरदारशहर तहसील के डालमाणा गांव में गुरुवार सुबह एक मां और उसकी दो बेटियों के जहरीला पदार्थ खाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें डीबी अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। मां और बड़ी बेटी को मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया गया है, जबकि छोटी बेटी का पीडियाट्रिक वार्ड में इलाज चल रहा है।
खेत में काम करने के दौरान हुई घटना
जानकारी के अनुसार, राजेश्वरी कंवर (35) अपनी दोनों बेटियों के साथ खेत में काम करने गई थी। राजेश्वरी के पति बजरंग सिंह वेल्डिंग का काम करते हैं।
बताया गया कि खेत में काम करने के दौरान घरेलू विवाद हुआ, जिसके बाद मां और दोनों बेटियों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।
पड़ोसी ने परिवार को दी सूचना
खेत में काफी देर तक हलचल दिखाई नहीं देने पर पड़ोसी ने जाकर देखा। वहां तीनों की स्थिति देखकर और जहरीले पदार्थ की बदबू आने पर उसने परिवार को सूचना दी।
इसके बाद परिजन तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में राजेश्वरी कंवर और उसकी 17 वर्षीय बड़ी बेटी को मेडिकल आईसीयू में, जबकि 15 वर्षीय छोटी बेटी को पीडियाट्रिक वार्ड में भर्ती किया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
अस्पताल चौकी पर तैनात एएसआई सुरेश कुमार ने परिवार से घटना के संबंध में जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों को लेकर जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






