चूरू। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जोधपुर डिस्कॉम), चूरू वृत्त ने ग्रामीण क्षेत्रों और ढाणियों में रहने वाले लोगों के लिए जनहित सूचना जारी की है। निगम ने स्पष्ट किया है कि घरेलू बिजली कनेक्शन के नाम पर किसी कर्मचारी, ठेकेदार या अन्य व्यक्ति को नकद राशि नहीं दें।
निगम के अनुसार जिले के ग्रामीण क्षेत्रों एवं ढाणियों में पात्र परिवारों को घरेलू विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है। इसी दौरान कुछ लोगों से कनेक्शन के नाम पर अतिरिक्त राशि मांगे जाने की आशंका को देखते हुए यह अपील जारी की गई है।
आवेदन के लिए इन दस्तावेजों की जरूरत
निगम ने बताया कि कनेक्शन की आवेदन प्रक्रिया के दौरान कार्यरत टर्नकी कॉन्ट्रेक्टर अथवा कार्यकारी एजेंसी द्वारा केवल आवश्यक दस्तावेज लिए जाएंगे।
इनमें मुख्य रूप से
- पहचान पत्र
- आधार कार्ड
- निवास अथवा पता प्रमाण पत्र
की प्रतियां शामिल हैं।
500 रुपए का डिमांड नोट, एकमुश्त भुगतान नहीं
जोधपुर डिस्कॉम के अनुसार घरेलू विद्युत कनेक्शन के लिए विभाग की ओर से 500 रुपए का डिमांड नोट निर्धारित किया गया है।
महत्वपूर्ण बात यह है कि उपभोक्ता को यह राशि एकमुश्त नकद जमा नहीं करनी होगी। 500 रुपए की राशि 50-50 रुपए की 10 समान किस्तों में अगले 10 माह के विद्युत बिल के साथ जोड़ी जाएगी।
इसलिए कनेक्शन के नाम पर किसी व्यक्ति द्वारा तत्काल नकद भुगतान की मांग किए जाने पर उपभोक्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है।
अतिरिक्त राशि मांगे तो तत्काल दें सूचना
डिस्कॉम ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति विद्युत कनेक्शन दिलाने के नाम पर नकद राशि या किसी प्रकार के अतिरिक्त भुगतान की मांग करता है तो उसे किसी भी स्थिति में भुगतान न करें।
ऐसे मामले सामने आने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित विद्युत निगम कार्यालय अथवा पुलिस को देने की अपील की गई है।
निगम ने ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से अपील की है कि बिजली कनेक्शन की प्रक्रिया में निर्धारित नियमों का ही पालन करें और किसी भी व्यक्ति को अनधिकृत रूप से नकद राशि देकर ठगी का शिकार न बनें।






