चूरू। प्रदेश में बारिश की कमी और प्रतिकूल मौसम के चलते खरीफ फसलों को हुए नुकसान को लेकर चूरू सांसद राहुल कस्वां ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। सांसद ने चूरू संसदीय क्षेत्र सहित प्रदेश के सूखा प्रभावित इलाकों में तत्काल सर्वे करवाकर किसानों को राहत देने की मांग की है।
अल्पवृष्टि से फसलें बर्बाद होने का दावा
सांसद कस्वां ने पत्र में कहा कि प्रदेश में बारिश की कमी और प्रतिकूल मौसम के कारण खरीफ फसलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। चूरू संसदीय क्षेत्र सहित प्रदेश के बड़े हिस्से में अल्पवृष्टि के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि हालात ऐसे हैं कि आने वाले समय में खाद्यान्न के साथ पशुओं के चारे की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो सकता है।
तत्काल सूखा घोषित करने की मांग
सांसद ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि चूरू संसदीय क्षेत्र सहित सूखा प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल स्थिति का आकलन करवाया जाए। परिस्थितियों के अनुसार प्रभावित क्षेत्रों को सूखाग्रस्त घोषित करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने वर्तमान गिरदावरी के दौरान फसल खराबे का वास्तविक और पारदर्शी आकलन सुनिश्चित कराने की मांग भी की है, ताकि प्रभावित किसानों को उचित राहत मिल सके।
विशेष आर्थिक राहत पैकेज जारी करने की मांग
राहुल कस्वां ने राज्य सरकार से सूखा प्रभावित इलाकों के लिए विशेष आर्थिक राहत पैकेज जारी करने की मांग की है।
सांसद के अनुसार राहत पैकेज और फसल खराबे के वास्तविक आकलन से किसानों तथा पशुपालकों को मौजूदा संकट से राहत दिलाने में मदद मिलेगी।






