चूरू के सदर थाना क्षेत्र स्थित ओम कॉलोनी में शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करने तथा पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी को शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे पाबंद कराया गया।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि ओम कॉलोनी में एक व्यक्ति शराब के नशे में घरेलू हिंसा कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस पहुंची तो आरोपी हुआ उग्र
मौके पर मौजूद महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब पीकर उसके और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा है। इसी दौरान आरोपी राकेश कुमार, निवासी ओम कॉलोनी, घर से बाहर आया और पुलिस को देखकर आक्रोशित हो गया।
आरोप है कि उसने पुलिस के सामने गाली-गलौज की और पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति को जान से मारने की धमकी भी दी।
ब्रेथ एनालाइजर जांच में हुई पुष्टि
पुलिसकर्मियों ने आरोपी को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, जिसमें उसके द्वारा शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने और संभावित संज्ञेय अपराध की रोकथाम के लिए आरोपी को गिरफ्तार कर एसडीएम कोर्ट में पेश किया, जहां उसे पाबंद कराया गया।






