चूरू जिले के सदर थाना क्षेत्र के घांघू गांव में मंगलवार सुबह एक 55 वर्षीय व्यक्ति का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। लाखाउ-घांघू रोड पर जीण माता मंदिर के पास मिले शव के गले पर निशान और कपड़ा मिलने के बाद पुलिस प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जता रही है।

सूचना मिलते ही सदर थानाधिकारी मोटाराम और एएसआई सुरेन्द्र रेडू पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जीण माता मंदिर के पास मिला शव

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह सूचना मिली कि लाखाउ-घांघू रोड पर जीण माता मंदिर के नजदीक एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान 55 वर्षीय श्रीचंद भाखर निवासी घांघू के रूप में की।

शव के गले में कपड़ा बंधा मिला और गले पर भी निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ, जिसके बाद हत्या की आशंका के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

साक्ष्य जुटाने पहुंची एफएसएल टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस ने शव को एंबुलेंस की सहायता से चूरू के डीबी अस्पताल पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के लिए शव को मोर्चरी में रखवाया गया है।

रात को घर से निकले, सुबह मिली मौत की खबर

परिजनों के अनुसार श्रीचंद भाखर सोमवार रात करीब नौ बजे खाना खाने के बाद घर से बाहर निकले थे। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिवार को चिंता हुई, लेकिन मंगलवार सुबह गांव के लोगों से शव मिलने की सूचना मिली।

मृतक खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

ग्रामीणों में चर्चा, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

घटना की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। मृतक के भतीजे विक्रम ने बताया कि सुबह दूध लेने जाते समय गांव के एक युवक ने शव मिलने की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...