चूरू। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नकेल’ के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 1.5 लाख रुपये है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम. के निर्देश पर विशेष अभियान के तहत की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस को देखकर भागने लगा युवक
पुलिस के अनुसार, बीती रात एसआई बलवंत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कस्बा चौकी भवन के सामने नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आ रहा एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान शेखावत कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय सोहेल काजी के रूप में बताई।
पैंट की जेब से मिली हेरोइन
तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली में 9 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कथित रूप से यह हेरोइन शेखावत कॉलोनी निवासी नितेश कुमार से लेकर अनीश नामक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था। पुलिस इन दावों की जांच कर रही है।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच रतननगर थाना अधिकारी रामनिवास को सौंपी गई है, जो कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच करेंगे।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई को सफल बनाने में कांस्टेबल सुनील धायल और नवीन कुमार की विशेष भूमिका रही।






