चूरू। शहर की इंद्रा कॉलोनी में आपस में झगड़ रहे दो युवकों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान इंद्रा कॉलोनी में झगड़े की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां काफी संख्या में लोग जमा थे और दो युवक आपस में झगड़ रहे थे।
समझाइश के बाद भी नहीं माने
पुलिस टीम ने दोनों युवकों को समझाइश देकर शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार दोनों युवक समझाइश के बावजूद नहीं माने और एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देने लगे।
स्थिति बिगड़ती देख दोनों युवक आक्रोशित होकर मारपीट पर उतारू हो गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों को काबू कर पूछताछ की।
दोनों युवकों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान 27 वर्षीय निक्षित और 20 वर्षीय मनीष, दोनों निवासी वार्ड संख्या 46, चूरू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों को संज्ञेय अपराध की रोकथाम के लिए BNSS की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया।
SDM के समक्ष किया पेश
गिरफ्तारी के बाद कोतवाली पुलिस ने दोनों युवकों को एसडीएम के समक्ष पेश किया। पुलिस के अनुसार दोनों को पाबंद किया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए की।






