चूरू। शहर के वार्ड संख्या 24 स्थित गोगामेड़ी में बैठक के दौरान हंगामा करने और कथित तौर पर धमकी देने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान अभय कमांड सेंटर से गोगामेड़ी में झगड़ा होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
बैठक में पहुंचकर विवाद करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद पवन कुमार ने बताया कि गोगामेड़ी में उनकी बैठक चल रही थी। इसी दौरान वार्ड संख्या 16 निवासी रजनीश (28) वहां आया और विवाद करने लगा।
पवन कुमार के अनुसार, पुलिस को बुलाने की बात पर रजनीश आक्रोशित हो गया। आरोप है कि उसने “किसी को नहीं छोड़ने” की धमकी दी और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया।
समझाइश के बाद भी नहीं माना
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर युवक को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, समझाइश के बावजूद युवक शांत नहीं हुआ।
इसके बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई। संज्ञेय अपराध की रोकथाम के लिए कोतवाली पुलिस ने उसे धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया।
एसडीएम कोर्ट में किया पेश
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी रजनीश को एसडीएम कोर्ट में पेश किया। मामले में पुलिस की कार्रवाई संज्ञेय अपराध की रोकथाम के तहत की गई है।
