चूरू। कोतवाली थाना पुलिस ने महिला को धमकाने और शराब के नशे में हंगामा करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को थाने में प्राप्त परिवाद के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वहां आरोपी मोटरसाइकिल के पास खड़ा होकर जोर-जोर से हंगामा कर रहा था।
परिवादिया महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा था।
बाइक के दस्तावेज नहीं मिले, वाहन जब्त
पुलिस टीम ने युवक से उसकी मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने मोटरसाइकिल जब्त कर ली।
पुलिस के अनुसार समझाइश के बावजूद युवक शांत नहीं हुआ और आक्रोशित हो गया।
पुलिस की मौजूदगी में मारपीट पर उतारू हुआ
आरोप है कि युवक ने पुलिस की मौजूदगी में ही महिला को धमकाना शुरू कर दिया और मारपीट पर उतारू हो गया।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
ब्रेथ एनालाइजर में शराब सेवन की पुष्टि
पुलिस ने आरोपी की जांच ब्रेथ एनालाइजर से की। जांच में शराब के सेवन की पुष्टि हुई और 48 एमएल मात्रा दर्ज की गई।
आरोपी की पहचान 40 वर्षीय अरविंद कुमार, निवासी वार्ड संख्या 17, मंडावा के रूप में हुई है।
धारा 170 बीएनएसएस में गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी को धारा 170 बीएनएसएस के तहत शांति भंग तथा संज्ञेय अपराध की आशंका के चलते गिरफ्तार किया।
इसके बाद उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरोपी को पाबंद करने की कार्रवाई की गई।






