चूरू। जिले में एनएच-52 स्थित लखाऊ स्टैंड के पास रात के समय कार में संदिग्ध रूप से घूम रहे चार युवकों को दूधवाखारा पुलिस ने शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में संदिग्ध लोगों के घूमने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। यहां कार सवार युवकों से पूछताछ की गई।
पुलिस से बहस करने लगे युवक
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान युवक आक्रोशित हो गए और पुलिसकर्मियों से बहस करने लगे। पुलिस टीम ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत होने के बजाय विवाद और झगड़े पर उतारू हो गए।
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के रहने वाले
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार युवकों की पहचान इस प्रकार हुई—
- विशाल सिंह सिसोदिया (23), निवासी ढाना, हापुड़, उत्तर प्रदेश।
- फैजल कुरैशी (29), निवासी खुर्जा, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश।
- योगेश परमार (28), निवासी चंदौसी, हाथरस, उत्तर प्रदेश।
- फरमान तेली (29), निवासी खुर्जा, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश।
एसडीएम कोर्ट में किया पेश
दूधवाखारा पुलिस ने चारों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के तहत यह कार्रवाई की गई।






