चूरू शहर के लाल घंटाघर के पास शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला अचेत अवस्था में मिली। महिला के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान थे और लगातार खून बह रहा था।
बताया गया कि महिला शराब ठेके के पास मिली थी। वहां मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
108 एंबुलेंस से डीबी अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल महिला को गंभीर हालत में राजकीय डीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंचाया गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने महिला का उपचार शुरू कर दिया।
महिला की पहचान नहीं हो पाई
अभी तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
इमरजेंसी वार्ड में तैनात चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर और मुंह पर अत्यधिक चोटें हैं। चोटों की गंभीरता को देखते हुए उसके साथ मारपीट होने या किसी अन्य गंभीर हादसे की आशंका जताई गई है।
हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। महिला के होश में आने और आगे की जानकारी मिलने के बाद ही घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






