चूरू। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 27 वर्षीय महिला ने अपने लिव-इन पार्टनर पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।
महिला ने कोतवाली थाने पहुंचकर पुलिस से कानूनी कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
13 साल पहले हुई थी शादी
पीड़िता के अनुसार, वह मूल रूप से ईयारा गांव की रहने वाली है। करीब 13 साल पहले उसकी शादी पड़िहारा में हुई थी।
महिला का आरोप है कि पति द्वारा उसके साथ मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। इससे परेशान होकर उसने पति का घर छोड़ दिया।
उसका कहना है कि घर छोड़ने के करीब पांच दिन बाद ही पति दूसरी महिला को लिव-इन रिलेशनशिप में घर ले आया।
चार बच्चों के साथ लिव-इन में रहने लगी
महिला के अनुसार, करीब ढाई साल पहले वह अपने चार बच्चों के साथ घांटील गांव निवासी एक ऑटो चालक के संपर्क में आई थी। इसके बाद वह उसके साथ लिव-इन रिलेशन में रहने लगी।
वर्तमान में उसके दो बच्चे ननिहाल में हैं, जबकि दो बच्चे उसके साथ रह रहे हैं।
नशे का आदी होने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसका लिव-इन पार्टनर नशे का आदी है और अब उससे पीछा छुड़ाना चाहता है।
महिला के मुताबिक, वह आए दिन उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। साथ ही तलाक का दबाव बनाकर उसे परेशान किया जा रहा है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
लगातार हो रही कथित प्रताड़ना से परेशान होकर महिला कोतवाली थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी सुरक्षा की मांग की।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।






