चूरू। जिले के निकटवर्ती ढाणी लालसिंहपुरा के ग्रामीणों ने लगातार कम वोल्टेज की समस्या से परेशान होकर जोधपुर विद्युत वितरण निगम (जेडीवीवीएनएल) के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर (डीपी) पर क्षमता से अधिक बिजली कनेक्शन होने के कारण करीब 25 घरों में पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
140 से 150 वोल्ट मिलने से ठप हो रहे बिजली उपकरण
ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र में सामान्य आपूर्ति के बजाय केवल 140 से 150 वोल्ट बिजली मिल रही है। इसके कारण कूलर, फ्रिज, पंखे, लाइट और अन्य घरेलू उपकरण ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि कम वोल्टेज के चलते कई घरों में बिजली के उपकरण खराब होकर जल भी चुके हैं, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी में बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच पर्याप्त वोल्टेज नहीं मिलने से दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है। कूलर और पंखे नहीं चलने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने विभाग से ट्रांसफार्मर पर बढ़े लोड को कम करने और आवश्यक तकनीकी सुधार कर जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।
ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन
ज्ञापन सौंपने वालों में सांवरमल दईया, आनंद सैनी, श्यामलाल दईया, अर्जुन, रामेश्वर लाल, गौरीशंकर, मनीष, राजकुमार, मनोज, पंकज, संजू, सुनीता, सीताराम, महावीर, विमल, संजय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।






