चूरू शहर में शादी करवाने के नाम पर रुपयों के लेन-देन को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों युवक एक-दूसरे को धमकाते हुए झगड़ रहे थे और स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया। बाद में दोनों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।
कोतवाली पुलिस को गश्त के दौरान शहर में दो लोगों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लगातार विवाद करते रहे।
शादी के लिए 1.20 लाख रुपये देने का दावा
पुलिस पूछताछ में पीथीसर निवासी सुमेर इन्दलिया ने आरोप लगाया कि उसकी शादी आकाश बलाई ने करवाई थी। इसके लिए उसने करीब 1 लाख 20 हजार रुपये दिए थे।
सुमेर के अनुसार शादी के कुछ महीने बाद उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई। उसका आरोप था कि न तो उसके रुपये वापस किए जा रहे हैं और न ही पत्नी को वापस लाने के लिए प्रयास किया जा रहा है।
दोनों पक्षों में बढ़ गया विवाद
पुलिस के अनुसार आकाश बलाई ने भी सुमेर पर आरोप लगाए, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोक-झोंक शुरू हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों एक-दूसरे पर हमला करने के लिए आमादा हो गए।
पुलिस ने शांति व्यवस्था भंग होने और किसी संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए दोनों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद दोनों गिरफ्तार युवकों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।






