चूरू शहर में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार शाम प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों तथा संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान ताजिया और अखाड़ा जुलूस के निर्धारित मार्गों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण स्थानों को चिह्नित किया गया।
ड्रोन से हुआ रूट का निरीक्षण
एसडीएम धीरज जाजड़िया, डीएसपी गजेंद्र सिंह, तहसीलदार अशोक गोरा और कोतवाली सीआई सुखराम चोटिया के नेतृत्व में टीम ने नई सड़क, सुभाष चौक, मुमताज हॉस्पिटल, रेलवे स्टेशन, भरतिया रोड, सफेद घंटाघर, गढ़ चौराहा, जैन मार्केट और आलोक सिनेमा क्षेत्र का निरीक्षण किया।
इस दौरान ड्रोन कैमरों की सहायता से जुलूस मार्ग पर पड़ने वाले घरों की छतों और आसपास के क्षेत्रों का भी बारीकी से जायजा लिया गया।
सुरक्षा के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के सुपरविजन में मुहर्रम के दौरान व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की योजना तैयार की गई है।
इसके तहत दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एक डीएसपी, तीन इंस्पेक्टर, सात सब-इंस्पेक्टर और एएसआई सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया जा रहा है।
सीसीटीवी और सोशल मीडिया पर भी नजर
पर्व के दौरान दो आधुनिक ड्रोन कैमरों और शहर के प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से गतिविधियों की निगरानी की जाएगी।
इसके अलावा पुलिस और प्रशासन की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी नजर रखेगी, ताकि किसी प्रकार की अफवाह, भ्रामक जानकारी या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न हो सके।
शांति भंग करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग और जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने की अपील की है।






