चूरू। नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर बुधवार को भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर दिया। भाजपा की ओर से विनय कुमार गोयनका और कांग्रेस की ओर से संजय भाटी ने सभापति पद के लिए पर्चा भरा।
भाजपा प्रत्याशी विनय कुमार गोयनका दोपहर में विधायक हरलाल सहारण और प्रस्तावकों के साथ नगर परिषद पहुंचे। उन्होंने निर्वाचन रिटर्निंग ऑफिसर श्वेता कोचर और एसडीएम धीरज झाझड़िया के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया।
नामांकन से पहले समर्थकों ने किया स्वागत
विनय गोयनका के नामांकन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह नजर आया। नामांकन से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं और बाजार के व्यापारियों ने नगर परिषद पहुंचकर उनका माला पहनाकर स्वागत किया।
नामांकन में वार्ड 19 के पार्षद नरेंद्र सैनी, वार्ड 32 के पार्षद भंवर गुर्जर, वार्ड 43 के पार्षद अभिषेक चोटिया और वार्ड 12 के पार्षद हारून गुर्जर प्रस्तावक के तौर पर मौजूद रहे।
विकास को लेकर क्या बोले विधायक हरलाल सहारण?
नामांकन के बाद विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि नगर परिषद के विकास को गति देने और शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
उन्होंने शहर के विकास, जरूरी सुविधाओं के विस्तार और आम लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए सकारात्मक सोच के साथ काम करने की बात कही।
वहीं सभापति पद के प्रत्याशी विनय कुमार गोयनका ने कहा कि यदि उन्हें नगर परिषद का नेतृत्व करने का अवसर मिलता है तो शहर का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा।
उन्होंने सड़क, सफाई, पेयजल और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने तथा शहरवासियों की समस्याओं का समय पर समाधान करने की बात कही।
कांग्रेस से संजय भाटी ने भी भरा पर्चा
कांग्रेस की ओर से संजय भाटी ने सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल किया। दोपहर करीब दो बजे कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ नगर परिषद पहुंचे भाटी ने रिटर्निंग ऑफिसर श्वेता कोचर और एसडीएम धीरज झाझड़िया के समक्ष नामांकन पत्र जमा किया।
नामांकन के बाद संजय भाटी ने कहा कि 21 सितंबर को चूरू नगर परिषद सभापति चुनाव का परिणाम चौंकाने वाला होगा।
भाटी ने कहा कि रफीक मंडेलिया के नेतृत्व में कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव एकजुटता के साथ लड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष भाजपा सरकार से था और उन्हें उम्मीद है कि इसका परिणाम अच्छा होगा।
कांग्रेस नेताओं और पार्षदों की मौजूदगी
संजय भाटी के नामांकन के दौरान जिला कांग्रेस प्रवक्ता जमील चौहान, मोहनलाल आर्य, पार्षद साजिद खान, पार्षद अजीज दिलावरखानी, विमल शर्मा, शेरखां मलखाण, अबरार खां, हेमंत सिहाग, सुरेश कुमार शर्मा, विक्की खान, आरिफ रिसालदार, आबिद खां जाबासरिया, सूर्यप्रकाश वर्मा, सोयल खान डीके, तोफिक खान एनएसयूआई, विकास मील, मुश्ताक पीथिसर, सलीम गौरी और लाल मोहम्मद हकीमवाला सहित अन्य मौजूद रहे।
60 वार्डों में भाजपा को 30, कांग्रेस को 24 सीटें
चूरू नगर परिषद के 60 वार्डों के चुनाव परिणाम में भाजपा ने 30 सीटों पर जीत दर्ज की थी। कांग्रेस के खाते में 24 सीटें आईं, जबकि 6 निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए।
अब सभापति पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामांकन के बाद 21 सितंबर को होने वाले चुनाव पर सभी की नजरें हैं। इसी दिन मतदान के बाद सभापति पद का परिणाम सामने आएगा।






