चूरू, नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत चूरू जिले में द्वितीय चरण का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में जिले के छह नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया पूरी कराई गई।

मतदान के दौरान दिव्यांग, ट्रांसजेंडर, महिला, वृद्ध और युवा मतदाताओं सहित सभी वर्गों के लोगों में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर उत्साह नजर आया। विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की जागरूकता और मतदान के प्रति प्रतिबद्धता के प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिले।

पहली बार मतदान कर प्रियंका ने दिया संदेश

तारानगर के वार्ड संख्या 07 की प्रियंका शर्मा ने पहली बार मतदान किया। उन्होंने अपने मताधिकार का प्रयोग करने के साथ क्षेत्र के लोगों से भी लोकतंत्र के इस पर्व में आवश्यक रूप से मतदान करने की अपील की।

पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

दिव्यांग दंपति ने किया मतदान

तारानगर के वार्ड संख्या 18 में दिव्यांग दंपति राकेश कुमार और सोनू रानी ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

दोनों ने अन्य दिव्यांग मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित किया और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

105 वर्षीय उगमा देवी ने व्हीलचेयर पर पहुंचकर डाला वोट

बीदासर नगरपालिका के बूथ संख्या 37 पर 105 वर्षीय उगमा देवी पत्नी किशन सिंह ने व्हीलचेयर पर मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनका उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणादायी रहा।

ट्रांसजेंडर मतदाताओं ने भी निभाई लोकतांत्रिक जिम्मेदारी

साहवा के वार्ड संख्या 18 में ट्रांसजेंडर मतदाता मुस्कान बाई ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

इसी तरह रतनगढ़ के वार्ड संख्या 16 की ट्रांसजेंडर मतदाता चांदनी ने भी मतदान किया। दोनों ने लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी का संदेश दिया।

वृद्ध और महिला मतदाताओं में भी दिखा उत्साह

राजलदेसर के वार्ड संख्या 32 के वृद्ध मेहरचंद अपने परिवारजनों के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और मतदान किया। वहीं वार्ड की महिला मतदाताओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया।

मतदान करने वाले विभिन्न वर्गों के लोगों ने आमजन से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील की।

मतदान ने दिया जागरूकता और भागीदारी का संदेश

चूरू जिले में दूसरे चरण के मतदान के दौरान अलग-अलग आयु और सामाजिक वर्गों के मतदाताओं की भागीदारी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। पहली बार वोट देने वाले युवा से लेकर 105 वर्षीय बुजुर्ग और ट्रांसजेंडर मतदाताओं तक, सभी ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर मतदान के महत्व को रेखांकित किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...