चूरू। शहर के नेचर पार्क में नियमित गश्त के दौरान एंटी रोमियो स्क्वॉड ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवक पार्क में एक नाबालिग लड़की के साथ मिला था। पूछताछ के दौरान युवक ने कथित तौर पर पुलिस से बहस शुरू कर दी और हंगामा करने लगा, जिसके बाद उसे हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान बिगड़ा माहौल
पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान टीम को पार्क में एक युवक और नाबालिग लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में मिले। दोनों से पूछताछ शुरू की गई तो युवक कथित रूप से आवेश में आ गया और पुलिसकर्मियों से उलझने लगा।
पुलिस ने उसे शांत रहने और सहयोग करने की समझाइश दी, लेकिन उसके लगातार आक्रामक व्यवहार को देखते हुए कार्रवाई की गई।
बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि शांति भंग होने और संज्ञेय अपराध की आशंका को देखते हुए युवक को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार युवक की पहचान 23 वर्षीय समीर, निवासी वार्ड संख्या 25, फतेहपुर के रूप में हुई है। वह वर्तमान में चूरू के धोबी चौक स्थित अपनी ननिहाल में रह रहा था।
नाबालिग को परिजनों के सुपुर्द किया
पुलिस ने नाबालिग लड़की की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उसे उसके भाई के सुपुर्द कर दिया। वहीं आरोपी युवक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे एसडीएम कोर्ट में पेश किया गया।





