5 दिवसीय बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर चूरू में बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन

चूरू। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के पदाधिकारियों और बैंक कर्मचारियों ने एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय चूरू के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से लंबित मांग पर जल्द निर्णय लेने की मांग की।

क्षेत्रीय संयोजक जयंत परिहार ने कहा कि 27 जनवरी 2026 की हड़ताल के बाद बैंक कर्मचारी संगठनों को सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय की उम्मीद थी, लेकिन पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के मुद्दे पर अब तक निर्णय नहीं हुआ है।

सरकार से जल्द मंजूरी देने की मांग

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बैंकिंग उद्योग में सोमवार से शुक्रवार तक पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने और वर्तमान में कार्य दिवस वाले शनिवारों को अवकाश घोषित करने की मांग लंबे समय से लंबित है।

उनके अनुसार, भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच 7 दिसंबर 2023 को हुए समझौता ज्ञापन तथा 8 मार्च 2024 के समझौते/संयुक्त नोट में इस व्यवस्था पर सहमति बनी थी।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रस्ताव के अनुसार सोमवार से शुक्रवार तक दैनिक कार्य समय में 40 मिनट की वृद्धि कर शेष शनिवारों को अवकाश घोषित किया जाना है।

समझौते के बाद भी निर्णय लंबित होने का आरोप

बैंक यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि इस संबंध में सिफारिश सरकार को भेजी जा चुकी है, लेकिन मंजूरी लंबित है। उन्होंने सरकार से इस मामले में शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि वित्तीय क्षेत्र में आरबीआई, एलआईसी और जीआईसी में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू है। उनके अनुसार केंद्र और राज्य सरकार के अधिकांश कार्यालय सोमवार से शुक्रवार तक संचालित होते हैं, जबकि शेयर बाजार भी सोमवार से शुक्रवार तक ही संचालित होता है।

नवंबर 2027 के वेतन संशोधन का भी जिक्र

यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि सरकार की ओर से नवंबर 2027 में होने वाले अगले वेतन संशोधन समझौते की प्रक्रिया शुरू करने के लिए बैंकों को कहा गया है, लेकिन पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के लंबित मुद्दे पर अभी निर्णय नहीं हुआ है।

उन्होंने सरकार से मांग की कि बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने के प्रस्ताव पर जल्द स्वीकृति दी जाए।

प्रदर्शन में अधिकारी संघ के क्षेत्रीय संयोजक राजेश धूत, NCBE के अजय शर्मा, पंकज वर्मा, मेहराज, शकील कुरैशी, दीपक सुरोलिया, राजकुमार इंदौरिया, नरेश कुमार, ममता, मुकेश परिहार, दिव्या सैनी, रविंद्र, अभिषेक, धर्मेंद्र, जयकिशन, पवन भाकर, प्रवीण सैनी, निरंजन सिंह, विवेक कस्वां, विक्रमजीत सिंह, अशोक डांगी, सज्जन सिंह, मुजम्मिल अहमद सोलंकी, गौरव शर्मा, महेश राठौड़ सहित अनेक बैंक कर्मचारी और अधिकारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Subhash is a dedicated News Author covering the Churu district. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime, politics,...