चूरू में बाइक चोर गिरोह का खुलासा, 12 मोटरसाइकिलें बरामद
चूरू कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को बाइक चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले करीब एक साल से चूरू शहर और आसपास के इलाकों में बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आथुणा मोहल्ला निवासी अरशद उर्फ आरती और फरियाद के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को पिनारा की ढाणी के पास से गिरफ्तार किया।
एक साल से बाइक चोरी की वारदातों का आरोप
कोतवाली सीआई गौरव खड़िया के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों में शामिल थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को बाद में ग्रामीण क्षेत्रों में काफी कम कीमत पर बेच दिया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी खास तौर पर काले रंग की स्पलेंडर मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। पुलिस अब बरामद वाहनों के संबंध में उनके वास्तविक मालिकों और चोरी की अलग-अलग वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
12 बाइक बरामद, 11 स्पलेंडर शामिल
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से बरामद 12 मोटरसाइकिलों में 11 हीरो स्पलेंडर और एक रॉयल एनफील्ड बाइक शामिल है। बरामदगी के बाद पुलिस चोरी की इन मोटरसाइकिलों से जुड़े मामलों की जांच कर रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी अरशद और फरियाद के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। अब दोनों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
चोरी की बाइक खरीदने वालों को भी चेतावनी
सीआई गौरव खड़िया ने आमजन से अपील की कि चोरी की संपत्ति खरीदने से बचें। उन्होंने कहा कि चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें मामले में आरोपी बनाया जा सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना उचित दस्तावेज और सत्यापन के कम कीमत पर मिलने वाले वाहनों की खरीद न करें।






