वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना: 13 अगस्त को बीकानेर से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष ट्रेन रवाना होगी
राज्य सरकार के देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत 13 अगस्त 2026 को बीकानेर से रामेश्वरम-मदुरई के लिए विशेष रेलगाड़ी रवाना होगी। इस यात्रा में कुल 1,000 वरिष्ठ नागरिक भाग लेंगे।
सहायक आयुक्त गौरव सोनी ने बताया कि चयनित यात्रियों में बीकानेर जिले के 819 तथा चूरू जिले के 151 वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। सभी चयनित यात्रियों को बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 के बाहर स्थित कैंप में निर्धारित समय पर पहुंचना होगा।
दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
विभाग के अनुसार चयनित यात्रियों को व्यक्तिगत रूप से फोन और संदेश के माध्यम से सूचना दी जा रही है। यात्रियों को अपने साथ ऑनलाइन आवेदन-पत्र की हार्ड कॉपी, प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र, जनआधार कार्ड एवं आधार कार्ड की प्रतियां, दो पासपोर्ट आकार के फोटो तथा जनआधार और आधार कार्ड की मूल प्रतियां लेकर आना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा यात्रियों को आवश्यक दवाइयां, दैनिक उपयोग का सामान, कपड़े तथा व्यक्तिगत जरूरत के अनुसार नकदी भी साथ रखने की सलाह दी गई है।
मेडिकल टीम और अनुरक्षक रहेंगे साथ
यात्रा के दौरान एक ट्रेन प्रभारी, एक डॉक्टर, दो नर्सिंगकर्मी तथा 28 अनुरक्षक तैनात रहेंगे। प्रत्येक कोच में दो अनुरक्षक यात्रियों के दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें यात्रा टिकट एवं पहचान पत्र उपलब्ध कराएंगे और पूरी यात्रा के दौरान उनकी सहायता करेंगे।
अनुरक्षकों को 13 अगस्त को सुबह 8 बजे, जबकि चयनित यात्रियों को सुबह 10 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-6 के बाहर स्थित कैंप में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई है।
इस वर्ष एसी ट्रेन से होगी यात्रा
सहायक आयुक्त ने बताया कि इस वर्ष से सभी तीर्थ यात्राएं थर्ड एसी (3AC) ट्रेन से कराई जाएंगी। यात्रियों की सहमति प्राप्त करने के लिए विभाग की ओर से अलग टीम गठित की गई है।
यात्रा संबंधी अधिक जानकारी के लिए कार्यालय समय में यात्रा शाखा प्रभारी महेश कुमार शर्मा (मोबाइल: 9928178898) से संपर्क किया जा सकता है।
नेपाल तीर्थ यात्रा भी पूरी
विभाग के अनुसार वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत पशुपतिनाथ (काठमांडू, नेपाल) की हवाई यात्रा के माध्यम से बीकानेर जिले के 206 तथा चूरू जिले के 176 यात्रियों को पहले ही तीर्थ यात्रा करवाई जा चुकी है।






