स्टे लगी जमीन पर जबरन बुवाई का आरोप, 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज
चूरू जिले के रतनगढ़ क्षेत्र के मालासर गांव में कृषि भूमि को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक महिला की ओर से न्यायालय के माध्यम से पुलिस में परिवाद दर्ज कराया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि कुछ लोगों ने स्टे लगी जमीन पर जबरन प्रवेश कर बुवाई की, मारपीट की और खेत की तारबंदी व पट्टियों को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच एएसआई सुभाषचंद्र को सौंपी गई है।
खेत में ट्रैक्टर लेकर पहुंचे, विरोध करने पर मारपीट का आरोप
परिवादकर्ता दुर्गादेवी लुहार (35) निवासी मालासर ने इस्तगासे में बताया कि 10 जून 2026 की शाम वह अपने पति लिछुराम और सास मोहरी देवी के साथ खेत पर गई थीं। इसी दौरान आरोप है कि महावीर शर्मा ट्रैक्टर लेकर खेत में पहुंचा और अन्य लोगों के साथ मिलकर खेत में बुवाई शुरू कर दी।
परिवाद के अनुसार विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, थाप और मुक्कों से मारपीट की तथा अभद्र व्यवहार किया।
तारबंदी तोड़ने और पट्टियां चोरी करने का भी आरोप
महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने खेत की करीब 20 पट्टियां और तारबंदी तोड़ दी तथा पट्टियों को हटाकर खेत में जबरन बुवाई कर दी। परिवाद में यह भी कहा गया है कि संबंधित भूमि पर पहले से उपखंड अधिकारी द्वारा स्टे आदेश लागू है।
पुलिस ने न्यायालय के आदेश के बाद मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






