चूरू में 6.44 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने कार से किया बरामद
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देशानुसार अवैध हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6.44 ग्राम अवैध हेरोइन (चिट्टा) के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ₹1.30 लाख है।
नाकाबंदी के दौरान कार से बरामद हुई हेरोइन
पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृत्ताधिकारी गजेन्द्र सिंह के सुपरविजन में सदर थाना प्रभारी इन्द्रलाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 27 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी की।
इस दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार संदिग्ध व्यक्तियों के कब्जे से 6.44 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
तीन आरोपी गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रामसरा निवासी मोहित कुमार उर्फ चांद (25), वार्ड नंबर 48, चांदनी चौक निवासी जतिन भार्गव (22) तथा मुमताज अस्पताल के पीछे निवासी अनवर (26) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन पुलिसकर्मियों की रही विशेष भूमिका
पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई को सफल बनाने में कांस्टेबल नवीन कुमार और कांस्टेबल संदीप कुमार की विशेष भूमिका रही।






