रिश्तेदार की बीमारी का बहाना बनाकर ठगे 1 लाख, पुलिस ने लौटाए 85 हजार रुपये

तारानगर (चूरू)। साइबर ठगों के झांसे में आकर 1 लाख रुपये गंवाने वाले एक व्यक्ति को तारानगर पुलिस ने बड़ी राहत दिलाई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई राशि में से 85 हजार रुपये होल्ड करवाकर कानूनी प्रक्रिया के बाद पीड़ित के खाते में वापस रिफंड करवा दिए।

मामले के अनुसार, 13 मई 2026 को तारानगर निवासी जीतमल पुत्र बुलाकीराम नाई ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि उसके पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को परिचित बताते हुए एक रिश्तेदार की गंभीर बीमारी का हवाला दिया। आरोपी ने इलाज के लिए तत्काल पैसों की जरूरत बताकर मदद मांगी।

ठग की बातों पर भरोसा कर जीतमल ने बताए गए मोबाइल नंबर पर फोन-पे के माध्यम से कुल 1 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद उसे ठगी का अहसास हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाई।

शिकायत मिलते ही हरकत में आई पुलिस

चूरू पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देशानुसार मामले की जांच शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (राजगढ़) रीछपाल सिंह चारण और वृत्ताधिकारी (तारानगर) रोहित सांखला के सुपरविजन में थानाधिकारी सतपाल बिश्नोई के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई की।

साइबर पोर्टल पर कार्यरत कांस्टेबल मनोज पूनिया ने तकनीकी जांच के जरिए ट्रांजैक्शन का पता लगाया और ठग के खाते में पहुंची राशि को ट्रैक किया।

85 हजार रुपये होल्ड कर पीड़ित को दिलाए वापस

पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी गई रकम में से 85 हजार रुपये होल्ड करवा दिए गए। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर कोर्ट के आदेश से यह राशि पीड़ित जीतमल के खाते में वापस रिफंड करवा दी गई।

अपने डूबे हुए पैसे वापस मिलने पर पीड़ित ने तारानगर पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की तत्परता की सराहना की।

पुलिस ने दी सतर्क रहने की सलाह

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर पैसे ट्रांसफर न करें। सोशल मीडिया और बैंकिंग खातों में टू-स्टेप वेरिफिकेशन का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

यदि कोई साइबर ठगी का शिकार होता है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय पर शिकायत करने से राशि वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...