74 लाख की डिजिटल अरेस्ट ठगी का पर्दाफाश, साइबर गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार
चूरू साइबर थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 74 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के माध्यम से साइबर ठगी के नेटवर्क को संचालित करने में भूमिका निभाई।
जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद ने बताया कि न्यांगल बड़ी निवासी संतलाल ने 15 मई 2025 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि अज्ञात साइबर ठगों ने उसे डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 74 लाख रुपये की ठगी कर ली।
विशेष टीम ने शुरू की तकनीकी जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और दिनेश कुमार के सुपरविजन में साइबर थानाधिकारी विजय कुमार मीणा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने ठगी में उपयोग किए गए बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच के दौरान साइबर नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले।
चित्तौड़गढ़ से दो आरोपी गिरफ्तार
जांच के आधार पर पुलिस ने चित्तौड़गढ़ से आरोपी मोहम्मद जाहिद खान और फैयाज खान उर्फ फैजल को दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मोहम्मद जाहिद के बैंक खातों में करीब 20 लाख रुपये का लेन-देन हुआ था, जिनका इस्तेमाल कथित रूप से साइबर ठगी में किया गया।
100 से अधिक बैंक खाते खरीदने का आरोप
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि फैयाज खान उर्फ फैजल पिछले करीब दो वर्षों से साइबर अपराधों से जुड़ा हुआ था। आरोप है कि वह लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते हासिल करता था।
जांच में यह भी सामने आया कि उसने 100 से अधिक बैंक खाते खरीदकर साइबर ठगी करने वाले गिरोहों को उपलब्ध कराए थे, जिनका उपयोग विभिन्न साइबर अपराधों में किया जाता था।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी फैयाज खान को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया है, जबकि मोहम्मद जाहिद खान को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
साइबर थाना पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों के नेटवर्क और ठगी की रकम के प्रवाह की जांच कर रही है।





