दोस्त का WhatsApp हैक कर ठगे ₹48 हजार, चूरू साइबर सेल ने पूरी रकम कराई वापस
चूरू शहर के वार्ड संख्या 29 स्थित राम मंदिर के पीछे रहने वाले एक युवक से व्हाट्सएप हैकिंग के जरिए 48 हजार रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। हालांकि, कोतवाली थाना की साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी गई पूरी राशि सुरक्षित वापस दिला दी।
पुलिस के अनुसार साइबर ठगों ने पीड़ित के एक परिचित का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर खुद को उसका दोस्त बताकर रुपये मांगे थे।
दोस्त बनकर मांगे रुपये, युवक हुआ ठगी का शिकार
जानकारी के अनुसार, हैकरों ने पीड़ित के दोस्त का व्हाट्सएप अकाउंट हैक कर अर्जेंट पैसों की जरूरत बताई। दोस्त की परेशानी समझकर युवक ने बिना सत्यापन किए बताए गए बैंक खाते में 48 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
बाद में जब उसने असली दोस्त से संपर्क किया, तब उसे साइबर ठगी का पता चला।
साइबर सेल की तत्परता से बची पूरी रकम
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना की साइबर सेल के कांस्टेबल सुनील कुमार ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित बैंक खाते को तुरंत होल्ड (फ्रीज) कराया गया, जिससे ठगी की राशि सुरक्षित बच गई।
इसके बाद न्यायालय के आदेश और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी होने पर पीड़ित के खाते में पूरे 48 हजार रुपये वापस रिफंड कर दिए गए।
पुलिस की अपील: पहले सत्यापन, फिर भुगतान
चूरू पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई परिचित व्हाट्सएप, सोशल मीडिया या अन्य ऑनलाइन माध्यम से पैसों की मांग करे तो पहले उसे फोन कर सत्यापन अवश्य करें।
यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाने से संपर्क करें।






