शराब ठेके में चोरी का खुलासा, 350 CCTV खंगालकर दो आरोपी गिरफ्तार
चूरू। जिला पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद के निर्देश पर दुधवाखारा थाना पुलिस ने करीब एक माह पहले शराब ठेके में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया है।
इस कार्रवाई को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार और वृत्ताधिकारी गजेंद्र सिंह के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने अंजाम दिया।
शराब ठेके का ताला तोड़कर की थी चोरी
पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को बास महलान निवासी राजपाल सिंह ने दुधवाखारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 31 मई और 1 जून की दरमियानी रात दुधवाखारा स्टेशन से ब्रह्म नगर जाने वाले मार्ग पर स्थित उनके शराब ठेके का मुख्य गेट तोड़कर अज्ञात बदमाश नकदी और आवश्यक दस्तावेज चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
350 CCTV फुटेज और तकनीकी जांच से मिली सफलता
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम का गठन किया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास का रूट मैप तैयार किया गया और करीब 300 से 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया गया।
तकनीकी साक्ष्यों और पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने मोहम्मद सलाम उर्फ फालतू (20) निवासी हनुमानगढ़ जंक्शन और फिरोज खान उर्फ बाज (24) निवासी हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार कर लिया।
चोरी की नकदी और वाहन बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल किया गया वाहन बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने CCTV लगाने की अपील की
चूरू पुलिस ने बताया कि इस मामले के खुलासे में सीसीटीवी कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन और ग्रामीणों से सुरक्षा के दृष्टिकोण से अपने गांवों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की, ताकि भविष्य में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी महेंद्र कुमार, संगीता, प्रदीप कुमार, धर्मपाल, शैलेश कुमार, संजय कुमार और पंकज कुमार की अहम भूमिका रही।






