अब मोबाइल से बनेगा किसान क्रेडिट कार्ड, कृषिका ऐप की दी गई पूरी जानकारी
चूरू। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार केसीसी संतृप्ति अभियान और खेत बचाओ अभियान के तहत चूरू जिले की घांघू ग्राम पंचायत के आईटी सेंटर में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कृषि विभाग और राजस्थान ग्रामीण बैंक के अधिकारियों ने किसानों को कृषिका ऐप के माध्यम से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के पूर्ण डिजिटलीकरण की जानकारी दी।
घर बैठे कर सकेंगे केसीसी के लिए आवेदन
शिविर में एलडीएम राहुल देवराव गोले ने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा शुरू किए गए कृषिका मोबाइल ऐप के जरिए किसान अब घर बैठे किसी भी बैंक में केसीसी के लिए आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि बैंक आवेदन की जांच कर निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर 15 दिनों के भीतर ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।
अधिकारियों ने किसानों के मोबाइल में कृषिका ऐप डाउनलोड करवाया तथा दस्तावेज अपलोड कर ऑनलाइन आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
किसानों को योजनाओं और जैविक खेती की जानकारी
नाबार्ड के एजीएम जी.एल. निर्वाण ने किसानों को सरकार की सब्सिडी आधारित ऋण योजनाओं, खेती, पशुपालन और कुटीर उद्योग से संबंधित वित्तीय सहायता योजनाओं की जानकारी दी।
राजस्थान ग्रामीण बैंक, घांघू के शाखा प्रबंधक लभुराम ने किसान क्रेडिट कार्ड और डिजिटल बैंकिंग प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
वहीं कृषि पर्यवेक्षक कर्मवीर गोदारा ने खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों से जैविक खेती अपनाने की अपील करते हुए मृदा संरक्षण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों पर जोर दिया।
शिविर में बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित रहे तथा अधिकारियों से योजनाओं और डिजिटल आवेदन प्रक्रिया से जुड़े सवाल भी पूछे।
चूरू जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने डीओआईटी वीसी सभागार में दी चूरू सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक में बैंकिंग गतिविधियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।






