चूरू के 6 निकायों में मतदान जारी, बूथों पर उमड़ा मतदाताओं का उत्साह
चूरू जिले में नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण के तहत आज रतनगढ़, तारानगर, सरदारशहर, बिदासर, राजलदेसर और साहवा में मतदान हो रहा है।
सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होते ही मतदाता मतदान केन्द्रों पर पहुंचने लगे। कई बूथों पर सुबह से ही वोट डालने के लिए कतारें देखने को मिलीं।
महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह
मतदान को लेकर कस्बों में महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में महिला और युवा मतदाता मतदान केन्द्रों तक पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
वहीं बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाता भी मतदान के लिए पहुंचे। मतदान केन्द्रों पर अलग-अलग वर्ग के मतदाताओं की मौजूदगी से चुनावी माहौल उत्साहपूर्ण नजर आया।
भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला, निर्दलीयों ने बढ़ाई रोचकता
निकाय चुनाव में कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। वहीं कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है।
कई सीटों पर कांटे की टक्कर के चलते प्रत्याशी मतदान से पहले आखिरी समय तक मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन की अपील करते रहे।
शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा मतदान
फिलहाल जिले के संबंधित निकायों में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान चल रहा है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
प्रशासन और पुलिस की ओर से मतदान केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। मतदाता उत्साह के साथ मतदान कर रहे हैं।






