सरदारशहर में बस की टक्कर से 26 वर्षीय युवक की मौत
सरदारशहर के मेगा हाईवे पर गांव भोजरासर और हरियासर घड़सोतान के बीच शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निजी बस की टक्कर से बाइक सवार 26 वर्षीय विनोद गिरी गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज के लिए जयपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक को मारी टक्कर
परिजनों के अनुसार, विनोद गिरी शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे साडासर गांव से मोटरसाइकिल लेकर ढाणी दुदगिर की ओर जा रहा था।
इसी दौरान एक होटल के पास सरदारशहर की तरफ से आ रही निजी बस के चालक ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से ट्रक को ओवरटेक किया।
ओवरटेक करने के दौरान बस गलत साइड में चली गई और सामने से आ रही विनोद की बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी जोरदार थी कि विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया और मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल राजकीय उपजिला अस्पताल, सरदारशहर पहुंचाया।
बीकानेर के बाद जयपुर किया रेफर
विनोद की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीकानेर रेफर कर दिया। इसके बाद पीबीएम अस्पताल में उपचार कराया गया।
हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे जयपुर रेफर कर दिया। परिजन उसे जयपुर लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही विनोद ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बस चालक के खिलाफ दर्ज किया मामला
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
परिवार में छाया मातम
26 वर्षीय विनोद गिरी गोस्वामी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में दुर्घटना के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच कर रही है।






