रतननगर में 44.3 किलो डोडा पोस्त बरामद, दो आरोपी जेल भेजे
चूरू। रतननगर थाना क्षेत्र में एनएच-52 पर एक संदिग्ध ट्रक से 44 किलो 300 ग्राम अवैध डोडा पोस्त छिलका बरामदगी के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय ने न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है।
सदर थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि के अनुसार, रतननगर पुलिस ने एनएच-52 पर पैमाउंट स्कूल के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर ले जाया जा रहा 44 किलो 300 ग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 64 हजार रुपये है।
पंजाब और जम्मू-कश्मीर के रहने वाले हैं आरोपी
मामले में पुलिस ने पंजाब के गुरदासपुर जिले के गांव मंज निवासी कुलदीप सिंह तथा जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले के गांव रामनगर निवासी सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया था, जहां से उन्हें पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया था।
रिमांड पूरा होने पर जेल भेजा
पुलिस रिमांड की अवधि पूरी होने के बाद दोनों आरोपियों को शनिवार को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया। सुनवाई के बाद अदालत ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सदर थानाधिकारी इंद्रलाल महर्षि कर रहे हैं।
पुलिस जांच में आगे क्या?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद डोडा पोस्त कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।






