चूरू के 5 निकायों में वोटिंग जारी, 2.52 लाख वोटर करेंगे फैसला
चूरू। जिले में नगर निकाय चुनाव के पहले चरण के तहत चूरू, सुजानगढ़, सादुलपुर, रतननगर और छापर में मतदान शुरू हो गया है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने के बाद कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं।
कई बूथों पर महिला मतदाताओं की भी अच्छी भागीदारी नजर आ रही है। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
चूरू नगर परिषद में 96,790 मतदाता
चूरू शहर में 60 वार्डों के लिए 106 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां 201 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
चूरू में कुल 96,790 मतदाता हैं। इनमें 49,776 पुरुष और 47,014 महिला मतदाता शामिल हैं।
मतदान शुरू होने के साथ ही प्रत्याशी और उनके समर्थक भी मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए।
सुजानगढ़ में 81,814 मतदाता, 215 प्रत्याशी
सुजानगढ़ नगर परिषद में सुबह से ही कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं। यहां कुल 89 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 215 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
इनमें 58 भाजपा, 35 कांग्रेस और 122 अन्य प्रत्याशी शामिल हैं।
सुजानगढ़ में कुल 81,814 मतदाता हैं। इनमें 41,936 पुरुष, 39,877 महिला और 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सुरक्षा के लिहाज से 9 बूथ संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।
वार्ड 26 के बूथ पर ईवीएम में दिक्कत
सुजानगढ़ के वार्ड 26 के बूथ नंबर 37 पर सुबह करीब 7:30 बजे तक ईवीएम मशीन शुरू नहीं हो पाने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका। बूथ के बाहर मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है।
सादुलपुर में 45,283 मतदाता
सादुलपुर में भी सुबह से मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। कई बूथों पर महिलाएं बड़ी संख्या में वोट डालने पहुंचीं।
सादुलपुर में 42 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और 246 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। यहां कुल 45,283 मतदाता हैं, जिनमें 23,260 पुरुष, 22,022 महिला और 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं होने पर भी राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से मान्य अन्य वैध फोटो पहचान दस्तावेज प्रस्तुत कर मतदान किया जा सकता है।
रतननगर में 20 वार्ड, 10,948 मतदाता
रतननगर नगर पालिका में 20 वार्डों के लिए 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। यहां कुल 10,948 मतदाता हैं।
इनमें 5,562 पुरुष और 5,386 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान शुरू होने के साथ ही मतदाता अपने वार्ड के प्रत्याशियों के पक्ष में वोट डाल रहे हैं।
छापर में 17,571 मतदाता, 78 प्रत्याशी
छापर नगर पालिका में भी सुबह से मतदान जारी है। यहां कई बूथों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिल रही हैं और महिला मतदाताओं की संख्या भी अच्छी नजर आ रही है।
छापर में कुल 17,571 मतदाता हैं। इनमें 9,038 पुरुष और 8,533 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 25 केंद्र बनाए गए हैं।
यहां 78 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इनमें भाजपा के 20, कांग्रेस के 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के 4 प्रत्याशी शामिल हैं। इसके अलावा 42 प्रत्याशी अन्य दलों या निर्दलीय हैं।
पांचों निकायों में मतदान पर नजर
चूरू जिले के इन पांच निकायों में मतदान के दौरान प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान कराने पर जोर दिया जा रहा है। प्रत्याशी और समर्थक भी बूथों के आसपास मतदाताओं से मतदान की अपील करते नजर आ रहे हैं।
अब दिन चढ़ने के साथ मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है। इन निकायों में पड़े वोटों की मतगणना 14 सितंबर को होगी।






